कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय को भले ही ए प्लस प्लस का दर्जा मिल चुका है, इसके बावजूद सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद नहीं है। विश्वविद्यालय सुरक्षा कर्मियों की भारी कमी झेल रहा है, जिसके चलते चोरी से लेकर मारपीट व अन्य वारदात भी बढ़ रही है। 218 सुरक्षा कर्मियों की जगह महज 140 से ही काम चलाया जा रहा है। इनमें भी 20 कर्मी ऐसे हैं जो महज खानापूर्ति के लिए दूसरे विभागों से लिए गए। यहां तक कि विश्वविद्यालय पिछले एक साल से 78 कर्मियों की भर्ती के लिए कौशल रोजगार निगम की ओर आस लगाए हुए हैं। ये कर्मी कब तक भर्ती हो सकेंगे यह जवाब भी किसी अधिकारी के पास नहीं है।
सुरक्षाकर्मियों की कमी होने के कारण ही बाहरी वाहनों और बाहर से आने-जाने वाले लोगों पर कर्मी निगरानी नहीं कर पा रहे हैं और कई स्थानों पर तो सुरक्षा बिल्कुल ही दाव पर दिखाई दे रही है। मुख्य द्वारों पर सुरक्षा सख्त की जाती है तो वहीं छोटे अन्य द्वार से बाहरी लोगों का प्रवेश जारी रहता है। अगर छोटे गेट को समयानुसार खोला जाता है तो ऐसे में कुवि से सटी कॉलोनीवासियों को परेशानी झेलनी पड़ती है।
कुवि परिसर में वैसे तो जगह-जगह कैमरे लगाए गए हैं, उसमें घटना को अंजाम देने वाला व्यक्ति तो कैद है जाता है लेकिन उस पर मौके पर कार्रवाई करने के लिए कोई व्यवस्था दिखाई नहीं देती है। जब तक सूचना मिलती है, तब तक घटना को अंजाम देने वाला व्यक्ति फरार हो जाता है। करीब 400 एकड़ में फैले कुवि परिसर में मात्र 140 सुरक्षाकर्मी हैं जो कि तीन शिफ्टों में तैनात रहते हैं, जबकि विवि में 218 सुरक्षाकर्मियों की आवश्यकता है। विवि में 49 शैक्षणिक विभाग हैं और इसके अलावा अन्य ब्रांच, कार्यालय, छात्रावास और मुख्य द्वार है, जहां सुरक्षाकर्मियों का होना अनिवार्य है।
बता दें कि गत नवंबर माह में कुवि की सुरक्षा से एक ही दिन में 43 कर्मी सेवामुक्त हो गए थे। सेवामुक्त होने का कारण एचकेआरएन विभाग द्वारा जारी किया गया पत्र था, जिसमें उल्लेख था कि 58 वर्ष से ज्यादा आयु वाले कर्मियों को सुरक्षा से हटा दिया जाए। प्रशासन ने सेवामुक्त हुए कर्मियों की पूर्ति करने के लिए अन्य विभागों के विभिन्न स्तर पर काम कर रहे कर्मियों की सेवाएं सुरक्षा के लिए लेनी शुरू की थी। 20 कर्मियों को चयनित किया गया था जो अन्य विभागों में कार्यरत थे। उसके बाद भी आज तक कुवि में सुरक्षाकर्मियों की भर्ती नहीं हो पाई है। उल्लेखनीय है कि उसके बाद करीब 15 सुरक्षाकर्मी और सेवामुक्त हो गए हैं, लेकिन एक भी कर्मी भर्ती नहीं हो पाया है।
बीते कुछ दिनों में स्थापना शाखा के कर्मचारी की साइकिल शाम के समय स्पोर्ट्स कांप्लेक्स से चोरी हो गई है। उन्होंने लिखित में कुलसचिव काे पत्र लिखकर उनके संज्ञान में मामला लाया गया था। चोरी करने वाला कैमरे में तो कैद हो गया लेकिन अभी तक साइकिल और चोरी करने वाले का कोई पता नहीं चल पाया है। एनसीसी इंचार्ज के बेटे की साइकिल भी खेल विभाग के पास से ही उठ गई थी, जिसका भी तक पता नहीं चला है। इसके अलावा भी कई विभागों में भी अन्य सामान चोरी के मामले सामने आ चुके हैं और विभागों के बाहर से भी कई कर्मचारी और विद्यार्थियों की साइकिलें चोरी हो चुकी हैं।
सुरक्षाकर्मियों की भर्ती के लिए एचकेआरएन विभाग को लिखा गया पत्र : डॉ. अनिल
मुख्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. अनिल गुप्ता का कहना है कि सुरक्षाकर्मियों की भर्ती को लेकर हरियाणा कौशल रोजगार निगम को पत्र लिखा गया है, लेकिन अभी तक भर्ती नहीं हो पाई है। उम्मीद है कि अगले कुछ दिनों तक यह कर्मी भर्ती हो जाएंगे।