कुरुक्षेत्र। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग खेत बचाओ अभियान के तहत जिले के किसानों को फसल अवशेष प्रबंधन के प्रति जागरूक कर रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य धान की पराली जलाने पर रोक लगाना और अवशेषों के वैज्ञानिक प्रबंधन को बढ़ावा देना है। उपनिदेशक डाॅ. गिरीश नागपाल ने बताया कि सभी खंडों में जागरूकता शिविर और गोष्ठियां आयोजित हो रही हैं। इनमें किसानों को सुपर सीडर, हैप्पी सीडर जैसे कृषि यंत्रों से पराली का खेत में ही प्रबंध करने की जानकारी दी जा रही है। बेलर से गांठें बनाकर पराली खेत से बाहर ले जाना भी एक प्रभावी विकल्प है। पराली जलाने से वायु प्रदूषण बढ़ता है, मिट्टी के सूक्ष्मजीव और उर्वरता प्रभावित होती है। इसके उचित प्रबंधन से मिट्टी में जैविक पदार्थ बढ़ते हैं, नमी संरक्षित होती है और पर्यावरण स्वच्छ रहता है।