शाहाबाद। कृषि तथा किसान कल्याण विभाग के गन्ना अनुभाग ने गांव कसेरला खुर्द व उगाला में किसान गोष्ठी आयोजित की। इसमें वर्ष 2026-27 के लिए गन्ने की नई तकनीक, कीड़े व बीमारियों पर जानकारी दी गई। सहायक गन्ना विकास अधिकारी बलजिंद्र सिंह ने विभिन्न योजनाओं पर अनुदान राशि बताई। चौड़ा खूड़ विधि, सिंगल बड और एमएचएटी सीड नर्सरी पर 5000 रुपये प्रति एकड़ का अनुदान है। रैटून प्रबंधन पर 3000 रुपये प्रति एकड़ का अनुदान मिलेगा। कृषि यंत्रीकरण पर 50 फीसदी अनुदान का प्रावधान है। क्षेत्रीय निदेशक महासिंह ने कीट व बीमारी प्रबंधन तथा गन्ने की नई किस्मों पर प्रकाश डाला। सुनील सैनी ने बीज उपचार से बोआई तक और एकीकृत पोषक तत्व प्रबंधन पर विस्तार से बताया। गोष्ठी में किसानों ने गन्ना संबंधी जानकारियां प्राप्त कीं। उन्होंने अपनी समस्याएं भी रखीं, जिनका मौके पर ही निवारण किया गया।