कुरुक्षेत्र। इंग्लैंड भेजने के नाम पर 9.20 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपी ने 13-13 लाख रुपये में दो युवकों को इंग्लैंड भेजने का आश्वासन दिया था। थाना शहर थानेसर में दर्ज शिकायत में सोमबीर व अंकित निवासी घरौंडा जिला करनाल ने बताया कि उन दोनों ने बेरोजगार होते हुए संजीव के साथ विदेश जाने की बात की थी। संजीव ने उन्हें नए बस अड्डे के समीप एक कार्यालय में बलविंद्र सिंह से मिलवाया था।
बलविंद्र ने उन्हें इंग्लैंड भेजने के एवज में 13-13 लाख रुपये मांगे थे। विदेश भेजने के बारे में उनका बलविंद्र सिंह के साथ 28 अगस्त को एग्रीमेंट हुआ था। बात तय होने पर उन्होंने अगले दिन दो-दो लाख रुपये आरटीजीएस के माध्यम से डलवाए थे। एक सितंबर को दोनों ने 2.60-2.60 लाख रुपये बलविंद्र सिंह के कार्यालय में नकद दिए थे। इसके बाद वे बलविंद्र से बात करने के लिए उसके कार्यालय गए तो उसका कार्यालय बंद मिला। फोन पर बात करने की कोशिश की तो उसका फोन भी बंद मिला। छह सितंबर को आरोपी ने विदेश जाने के लिए दिल्ली में फिंगर प्रिंट कराने का समय भी दिया था, मगर आरोपी उससे पहले ही फरार हो गए थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।