बेकाबू कार पलटी, बाल-बाल बचा परिवार
- राहगीरों की मदद से ग्रामीणों ने दंपती और बच्चों को निकाला बाहर
अमर उजाला ब्यूरो
बाबैन। गांव नरायणगढ़ के पास से गुजर रही एक कार बेकाबू होकर अचानक खदान में पलट गई। ग्रामीणों की मदद से कार सवार परिवार को सकुशल बाहर निकाल लिया गया।
हादसा सोमवार दोपहर का है। बड़तौली निवासी रवि अपनी पत्नी एवं बच्चों के साथ शाहाबाद की तरफ से कार में आ रहे थे। जैसे ही गांव नारायणगढ़ माजरी के निकट पहुंचे तो यकायक गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया और कार खदान में पलट गई। रवि की पत्नी आंशिक तौर पर जख्मी हुई है। घटना के प्रत्यक्षदर्शी सरपंच सूर्या सैनी ने बताया कि वे शाहाबाद की तरफ से बाबैन की तरफ आ रहे थे। गांव नसरायणगढ़ माजरी के पास आए तो कार पलटी देखी। उसने स्वयं और साथियों की सहायता से मौके पर मौजूद राहगीरों की मदद लेकर पति-पत्नी एवं बच्चों को कार से बाहर निकाला। जल्द ही उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। बताया कि हादसे में दंपती एवं बच्चो को मामूली चोटें आई हैं।