भाजपा नेता के बेटे की गिरफ्तारी के लिए एसपी से मिले ग्रामीण
- एसएचओ लाडवा ने दिया एक-दो दिन में गिरफ्तारी का दिया आश्वासन
- शादी समारोह में डीजे बजाने के विवाद में हुई थी फायरिंग
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र ।
लाडवा में ढ़ाई माह पहले शादी समारोह में डीजे बजने के दौरान फायर कर दो लोगों को घायल करने वाले भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर एसपी से मिले पीड़ितों के परिजन। कार्यकारिणी सदस्य रणधीर के बेटे जितेंद्र गुर्जर की गिरफ्तारी न होने से परिजनों में रोष है। गिरफ्तारी को लेकर परिजनों ने एसपी से गिरफ्तारी की मांग की। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि राजनीतिक दबाव व पैसे के दम पर आरोपी ने पुलिस के साथ सांठगांठ की है। जिस कारण हत्या के प्रयास का केस दर्ज होने के बावजूद पुलिस मामले में आरोपी की गिरफ्तारी को टाल रही है। बार-बार टाईम ले रही है। गांव जाल खेड़ी निवासी सुखविंद्र ने बताया कि 25 नवंबर 2018 को सम्भालखा लाडवा वासी उसका साला सुखदेवी सिंह व अन्य दोस्त सुमित शर्मा के साथ लाडवा स्थित आलीशान पैलेस में शादी समारोह में शिरकत करने गए थे। इस दौरान डीजे पर डांस के दौरान कुरुक्षेत्र-पिहोवा रोड वासी भाजपा नेता का बेटा जितेंद्र गुर्जर बंदूक से हवाई फायर कर रहा था। उसे ऐसा करने पर रोका, तो उसने सुखदेव व सुमित पर जाने से मारने की नीयत से फायर कर दिया। इसमें दोनों के पेट में गोली लगी थी। दोनों को सिविल अस्पताल लाया गया। तब लाडवा पुलिस ने 26 नवंबर को आरोपी जितेंद्र गुर्जर के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित कई धाराओं के तहत केस दर्ज किया था। लेकिन पैसे के दम पर आरोपी गिरफ्तारी से बच रहा है।