अमर उजाला ब्यूरो
बाबैन। हलका लाडवा के कस्बा बाबैन में पिछले करीब 15 सालों के लंबे अंतराल के बाद मंगलवार को प्रदेश के सीएम मनोहर लाल पहुंचे। वे लाडवा जाते हुए कुछ क्षणों के लिए बाबैन में रुके जहां पर विधायक डॉ. पवन सैनी के नेतृत्व में लोगों ने मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने मार्केट कमेटी बाबैन के चेयरमैन डॉ. बलदेव चंद सैनी व जिला परिषद की सदस्या रीना सैनी के निवास पर दोपहर का भोजन ग्रहण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पत्रकार वार्ता में कहा कि उनकी सरकार ने शासन की व्यवस्था में परिवर्तन कर हरियाणा एक, हरियाणवी एक की नीति पर चलकर बिना किसी भेदभाव व क्षेत्रवाद के पूरे प्रदेश का एक समान विकास किया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने पिछले 52 सालों के मुकाबले चार साल में ज्यादा विकास किया है। आज हरियाणा में युवाओं को योग्यता के आधार पर नौकरियां मिली है और नौकरियों की बदली में पर्ची सिस्टम खत्म कर ऑनलाइन बदलियां कर भ्रष्टाचार पर प्रभावी लगाम लगाई है। उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान को सार्थक रूप देकर भ्रूण हत्या पर कडाई से लगाम लगाई है जिससे प्रदेश में तेजी से बेटियों का अनुपात बढ़ा है। इस अवसर पर लाडवा के विधायक डॉ. पवन सैनी, जिलाध्यक्ष धर्मवीर मिर्जापुर, जिप चेयरमैन गुरदयाल सुनेहड़ी, डिपंल सैनी, अमित बीडकालवा उपस्थित थे।