अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र।
उपायुक्त सुमेधा कटारिया ने कहा कि राज्य चुनाव आयोग की तरफ से नगरपालिका के उप चुनावों का शेडयूल जारी कर दिया गया है। इसके अनुसार नगर पालिका पिहोवा में वार्ड 9 का उप चुनाव करवाया जाना हैं। उन्होंने कहा कि नगर पालिका पिहोवा वार्ड नंबर 9 के उप-चुनावों के लिए एसडीएम पिहोवा पूजा चांवरिया को रिटर्निंग अधिकारी और तहसीलदार पिहोवा चेतना चौधरी को सहायक रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया हैं। इसके अलावा 8 सितंबर से 13 सितंबर तक (10 सितंबर को छोड़कर) सुबह 11 बजे से लेकर 3 बजे तक नामांकन दाखिल किया जाएगा। 14 सितंबर को 11 बजकर 30 मिनट से नामांकन पत्रों की छंटनी का कार्य और 15 सितंबर को 11 बजे से लेकर 3 बजे तक आवेदन पत्र वापस लिया जा सकता है तथा 15 सितंबर को सायं 3 बजे के बाद प्रार्थियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि 24 सितंबर को सुबह 7 बजे से सायं 5 बजे तक मतदान होगा और मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद मतों की गिनती की जाएगी।