कोविड व लॉकडाउन के नियमों का पालन कर कुरुक्षेत्र आमजन ने कोरोना की लड़ाई में प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग का बहुत योगदान दिया है। कुरुक्षेत्र कोरोना वायरस से मुक्त होने की तरफ तेजी के साथ कदम आगे बढ़ा रहा है। सोमवार को जिलेभर में अलग-अलग जगह से 9 नए कोरोना पॉजिटिव केस सामने आए हैं, जबकि सात मरीजों को अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया है। सीएमओ डॉ. संतलाल वर्मा ने कहा कि कुरुक्षेत्र में कोरोना की जंग जीतने वाले लोगों की संख्या लगातार बढ़ रही है, इससे कोरोना से रिकवरी केसों में बढ़ोतरी हो रही है। आमजन के सहयोग से ही प्रशासन कोरोना की चैन को तोडने में सफल रहा है। बताया कि जिले में अब तक 21504 कोरोना पॉजिटिव मरीज ठीक होकर घर जा चुके है। अब सिर्फ कोरोना एक्टिव केसों की संख्या 118 रह गई है। अब तक 3 लाख 66 हजार 573 लोगों की कोरोना सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है। कुरुक्षेत्र में पॉजिटिव केसों के मरीजों को ठीक होने का आंकड़ा 97.87 फीसदी तक पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि अब तक 21971 पॉजिटिव केस सामने आ चुके है। कोरोना वायरस की जांच के लिए इस जिले से अब तक 389599 में से 366573 सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है। अब तक 349 कोरोना पॉजिटिव मरीजों की मौत हो चुकी है।