केयू के छात्रावासों में गेस्ट चार्ज बढ़ाया, विरोध में उतरी इनसो
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र । कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में छात्रावासों में गेस्ट के रूप में रुकने वाले छात्र-छात्राओं को चार्ज में रूप में पहले 150 रुपये प्रति दिन के हिसाब से देने पड़ते थे, जिसमें 100 रुपये खाने के और 50 रुपये रहने का चार्ज किया जाता था। केयू प्रशासन ने इस चार्ज को 150 रुपये से बढाकर 250 रुपये कर दिया है, जिसमें 150 रुपये खाने का और 100 रुपये रहने का चार्ज किया जाएगा। प्रशासन ने इस बढ़े हुए चार्ज को अभी से लागू कर दिया है , जिससे अभी के दिनों में रह रहे गेस्ट छात्र-छात्राओं पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। इसी के विरोध स्वरूप शुक्रवार को इनसो कार्यकर्ताओं ने चीफ वार्डन को ज्ञापन सौंपा और इन बढे़ हुए चार्ज को कम करने की मांग की। इनसो राष्ट्रीय महिला संयोजक मंजू जाखड़ ने बताया कि इनसो बढ़े हुए चार्ज का विरोध करती है और इसे कम करने की मांग करती है। इस मौके पर इनसो राष्ट्रीय कार्यकारणी सदस्य जगदीप कौर, अंकिता, कोमल, रेनू, पूनम, प्रीति, ममता, प्रिया व अन्य छात्राएं मौजूद रही।