44 हेक्टेयर में लगेंगे उद्योग, 42 हेक्टेयर में बनेगा ट्रांसपोर्ट नगर
कुरुक्षेत्र।
लाडवा विधायक डा. पवन सैनी ने कहा कि लाडवा के 2031 विकास योजना पर जिला स्तरीय कमेटी ने अपनी मोहर लगा दी है। इस योजना को अब अंतिम अनुमति के लिए राज्य सरकार के पास भेजा जाएगा। वे शुक्रवार को लघु सचिवालय के सभागार में लाडवा प्लान 2031 को लेकर जिला स्तरीय कमेटी की एक बैठक को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले लाडवा विधायक डॉ. पवन सैनी, उपायुक्त सुमेधा कटारिया, जिला परिषद के चेयरमैन गुरदयाल सुनहेड़ी, एसडीएम शाहबाद सतबीर कुंडु सहित अन्य अधिकारियों ने विस्तार से लाडवा विकास योजना 2031 पर चर्चा करके प्लान को अंतिम स्वरूप देने का काम किया। विधायक ने कहा कि लाडवा के विकास प्लान 2031 के अनुसार 17 गांवों सहित कुल 3988 हेक्टेयर जमीन को शामिल किया जाएगा। इस जमीन में से 384 हेक्टेयर भूमि में से 181 हेक्टेयर भूमि पर सेक्टर 1, 1ए, 3 व 5ए सहित कुल चार सेक्टर बनाए जाएंगे। इन सेक्टरों को राज्य सरकार की नई एनआईएलपी योजना के तहत विकसित किया जाएगा और दीन दयाल जन योजना के तहत लोगों को आवास की सुविधा देने का काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 20 प्रतिशत जमीन को रिहायसी ग्रुप हाउसिंग योजना के लिए प्रयोग किया जाएगा। इसके अलावा 22 हेक्टेयर जमीन पर सेक्टर 2 को व्यवसायिक सेक्टर के रूप में विकसित किया जाएगा, 44 हेक्टेयर भूमि पर उद्योग क्षेत्र विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लाडवा में सहारनपुर, यमुनानगर, पिपली पिहोवा रोड एसएच नंबर 6 और करनाल कुंडली इंद्री लाडवा शाहाबाद रोड एसएच नंबर 7 पर शहर के सेक्टर 45 में 42 हेक्टेयर में ट्रांसपोर्ट नगर स्थापित किया जाएगा। विधायक ने कहा कि 42 हेक्टेयर में पब्लिक व सेमी पब्लिक यूटीलिटी के लिए निर्धारित किया गया है। राज्य सरकार द्वारा लाडवा को प्रदेश का सबसे सुंदर शहर बनाने के लिए योजना तैयार की गई है। उपायुक्त सुमेधा कटारिया ने लाडवा विकास योजना 2031 के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि प्रशासन की तरफ से तमाम पहलुओं को जहन में रखते हुए विकास योजना 2031 को तैयार किया गया है। डीटीपी एसके पूनिया ने सभी का आभार व्यक्त किया।