जन संपर्क विभाग में कलाकार अब 16 तक कर सकते हैं आवेदन
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र।
प्रदेश में लोक कलाकारों, यूनिटों, मंडलियों को आगामी तीन वर्ष के लिए सूचीबद्ध आधार पर रखा जाएगा। इसके लिए 16 अक्तूबर तक संबंधित जिला सूचना एवं जन संपर्क कार्यालय में आवेदन जमा करवाए जा सकते हैं। जिला सूचना एवं जन संपर्क अधिकारी धर्मवीर सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा हरियाणा सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों का प्रचार करने के लिए लोक कलाकारों, यूनिटों, मंडलियों को सूचीबद्ध किया जाता है। पिछला सूचीबद्ध कार्यकाल 31 अक्तूबर को समाप्त हो रहा है, आगामी कार्यकाल के लिए विभाग द्वारा 16 अक्तूबर तक सभी प्राईवेट कलाकारों से आवेदन मांगे गए हैं वह अपने आवेदन संबंधित जिला सूचना एवं जन संपर्क अधिकारी के कार्यालय में जमा करवा सकते हैं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष सरकार द्वारा सूचीबद्ध पार्टियों के मानदेय में भी बढ़ोत्तरी की गई है और इन पार्टियों को नियमित रूप से काम भी दिया जाएगा। इस बार लोक कलाकार यूनिटों को तीन वर्ष के लिए सूचीबद्ध किया जाएगा। डीआईपीआरओ ने बताया कि ड्रामा यूनिट जिसमें लोक नाटक पार्टियां, नाटक व संगीत इत्यादि के साथ 10 से 15 कलाकारों के लिए प्रतिदिन 4592 रुपये और सांस्कृतिक मंडलियों जिनमें सामूहिक कार्यक्रम, संगीत, लोक नृत्य के साथ अन्य कार्यक्रम शामिल है, ऐसी यूनिट के 10 से 15 कलाकारों को भी 4592 रुपये प्रतिदिन, लोक कलाकार भजन मंडली जो परंपरागत लोक गायन, आल्हा, जंगम और कठपुतली पार्टी जिसमें 3 से 5 कलाकार शामिल है, उन्हें 1146 रुपये प्रतिदिन, एकल कलाकार जिनमें नाटक कलाकार, लोक गायन, संगीतकार, तबला वादक, चिमटा वादक आदि शामिल है उन्हें प्रतिदिन 382 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से भुगतान किया जाएगा।