कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय को संगीत से महकाएंगे देश के सर्वश्रेष्ठ कलाकार
- तीन दिवसीय संगीतोत्सव सुर तरंग से महकेगा केयूअमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र। प्रतिभाशाली कलाकारों और शास्त्रीय संगीत को बढ़ावा देने के लिए कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय विभाग के संगीत एवं नृत्य विभाग और आर्गेनाइजेशन फॉर सोशल एण्ड कल्चरल अवेयरनैस (ओस्का) के संयुक्त तत्वाधान में तीन दिवसीय (24 से 26 अगस्त) सुर-तरंग कार्यक्रम के अंतर्गत राष्ट्रीय शास्त्रीय संगीत एवं गजल प्रतियोगिता एवं शास्त्रीय संगीत सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम की सफलता को लेकर विश्वविद्यालय की संगीत एवं नृत्य विभाग के कथक नृत्य प्रवक्ता डॉ. संतोष कुमार का कहना है कि विभाग में शास्त्रीय गायन, वादन और नृत्य के सभी विद्यार्थी पूरे जोर-शोर के साथ तैयारी में जुटे हुये हैं, पिछले साल कि तरह इस साल भी अपना बेहतर प्रदर्शन करेंगे। यह तीन दिवसीय संगीत सम्मेलन विश्वविद्यालय के आरके सदन ऑडिटोरियम में आयोजित होगा। काबिलेजिक्र है कि संगीत एवं नृत्य विभाग तथा ओस्का दोनों के सहयोग से शास्त्रीय संगीत के अंतर्गत विभिन्न विधाओं जिनमें शास्त्रीय गायन, वादन, नृत्य के साथ-साथ इस बार राष्ट्रीय गजल प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जा रहा है। इन विधाओं के लिए अलग-अलग आयु वर्गो जिसमें बाल समूह- आयु 10 साल तक, किशोर समूह-आयु 10-17 और युवा समूह- आयु 17-30 तक में प्रतियोतिगाएं आयोजित होगी। प्रतियोगिता के प्रथम दिवस 24 अगस्त को शास्त्रीय नृत्य, शास्त्रीय गायन एवं स्वर वाद्य वादन प्रतियोगिता होगी, दूसरे दिन 25 अगस्त को ताल वाद्य प्रतियोगिता एवं अन्तिम दिन 26 अगस्त को गजल प्रतियोगिता होगी। इस प्रतियोगिता में देश के दूर-दूर से प्रतिभागी आते हैं और अपनी हुनर, प्रतिभाशाली काबिलियत का परिचय देंगे। विश्वविद्यालय में ओस्का की ओर से यह कार्यक्रम चौथी बार आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम के आयोजक संगीत विभाग की चेयरपर्सन प्रो0 शुचिस्मिता शर्मा तथा ओस्का अध्यक्ष डॉ. चन्द्रपाल ने बताया कि डॉ अशोक शर्मा को प्रतियोगिता एवं सम्मेलन का समन्वयक नियुक्त किया गया है। प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए कलाकारों को डॉ. पुरूषोत्तम, डॉ. संतोष कुमार, श्री नीतिन शर्मा, डॉ. संजीव शर्मा, मनप्रीत सिंह, शुभ्रान्शु व हिमांशु से संपर्क करना होगा।