संवाद न्यूज एजेंसी
पिहोवा। दाखिला सूचना कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग हरियाणा द्वारा छह काउंसलिंग पूरी होने के बाद सातवीं काउंसलिंग के लिए नया शेड्यूल जारी किया गया है। इसमें नए व पुराने प्रार्थियों के 30 अक्तूबर तक प्रतिदिन मेरिट आधार पर ऑन द स्पॉट एडमिशन किए जाएंगे।
आईटीआई पिहोवा प्रधानाचार्य राकेश कुमार ने बताया कि जो प्रार्थी पहले फार्म भरने से वंचित रह गए थे, वे भी 29 अक्तूबर तक नए दाखिला फार्म राजकीय आईटीआई पिहोवा मे आकर भर सकते हैं। दाखिले के इच्छुक प्रार्थियों के लिए 29 व 30 अक्तूबर को भी संस्थान दाखिले के लिए आम दिनों की भांति ही खुला रहेगा। दाखिला लेने के इच्छुक प्रार्थी को 30 अक्तूबर तक अपना मेरिट कार्ड आईटीआई पिहोवा में जमा करवाना होगा। प्रतिदिन बनाई जाने वाली मेरिट के आधार पर ही उन्हें दाखिला मिलेगा।
संस्थान में अभी पावर इलेक्ट्रॉनिक्स, प्लंबर, फिटर, टर्नर, वेल्डर, कारपेंटर, रेफ्रिजरेशन एंड एयर कंडीशनिंग, सेविंग टेक्नोलॉजी, मोटर मैकेनिक, कॉस्मेटोलॉजी व स्टेनो इंग्लिश ट्रेडर्स में दाखिले के लिए पद अभी रिक्त हैं। संस्थान में इस बार सात व्यवसाय दोहरी प्रशिक्षण प्रणाली में चलाए गए हैं जिसमें छात्र कोर्स के दौरान इंडस्ट्रीज जाकर वहां पर प्रैक्टिकल कार्य सीखेंगे। दाखिला संबंधी किसी प्रकार की भी जानकारी के लिए प्रार्थी हेल्पलाइन नंबर पर किसी भी समय संपर्क कर सकते हैं।