जिला कारागार में उम्रकैद की सजा काट रहे शाहाबाद के गांव हबाना निवासी 73 वर्षीय हरिसिंह की मौत हो गई। जिला कारागार पुलिस द्वारा कैदी को उल्टी दस्त की शिकायत होने के बाद शनिवार को जिला अस्पताल में दाखिल कराया था। यहां रविवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। हत्या के मामले में हरि सिंह उम्र कैद काट रहा था। हरि सिंह वर्ष 2017 से जिला जेल में बंद था। उसके खिलाफ वर्ष 2001 में शाहाबाद थाना पुलिस में हत्या का केस दर्ज हुआ था। मामले में उसकी पत्नी व पुत्र भी शामिल थे, वे भी जिला जेल में सजा काट रहे हैं। हरि सिंह की मौत के बाद अस्पताल प्रशासन की ओर से इसकी सूचना पुलिस प्रशासन को दी गई। इसके पश्चात नियुक्त किए गए मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कैदी का पोस्टमार्टम कराया गया। इस दौरान जिला कारागार प्रशासन की ओर से वीडियोग्राफी कराई गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। मिली जानकारी के अनुसार शाहाबाद के गांव हबाना निवासी 73 वर्षीय हरि सिंह हत्या के आरोप में जिला कारागार में उम्र कैद की सजा काट रहा था। शनिवार को उल्टी व दस्त की दिक्कत हुई। इससे पहले जेल परिसर में बने अस्पताल में उपचार दिया गया, लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं आया, तो जेल प्रशासन ने उसे एलनएनजेपी अस्पताल में दाखिल कराया। यहां चिकित्सकों ने उसका उपचार किया, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ। रविवार को हरि सिंह ने दम तोड़ दिया।