अमर उजाला ब्यूरो
इस्माईलाबाद। कस्बे में मंगलवार रात्रि आए तूफान के चलते कई जगह नुकसान हुआ है। जहां तेज तूफान से कई पेड़ गिरने के कारण कई गांवों की बिजली सप्लाई प्रभावित रही वहीं अंबाला रोड पर स्थित क्लासिक फार्म के मेन हॉल की छत उखड़ गई। गनीमत रही कि फार्म में कोई प्रोग्राम नहीं था और एक बड़ा हादसा होने से टल गया। इसी तरह समीप के गांव जंधेडी में भी तेज आंधी के कारण कई घरों की छत पर रखी पानी की टंकियां व पंखे भी टूट गए। तेज आंधी से झांसा-इस्माईलाबाद रोड पर गांव रोहटी के समीप स्थित पोल्ट्री फार्म गिर गया जिससे फार्म में रखे कई मुर्गियों के बच्चे मर गए वहीं बूंदबांदी के पश्चात मौसम में भी उमस बढ़ जाने आम जनजीवन प्रभावित रहा।