अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र। जिलाधीश एवं अतिरिक्त उपायुक्त पार्थ गुप्ता ने कहा कि हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा समाज शिक्षा एवं पंचायत अधिकारी पद के लिए 16 जुलाई को जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों में परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। उन्होंने बताया कि यह परीक्षा सुबह 10 बजकर 30 मिनट से दोपहर 12 बजे और सायं 3 बजे से लेकर 4 बजकर 30 मिनट तक आयोजित की जाएगी। इन परीक्षाओं को सुचारु रुप से चलाने के लिए परीक्षा केंद्रों की 200 मीटर की परिधि में धारा 144 लगाने के भी आदेश जारी किए है। यह आदेश 16 जुलाई को सुबह 9 बजे से सायं 5 बजे तक जारी रहेंगे। इस समयावधि के दौरान किसी भी व्यक्ति को परीक्षा केंद्र की 200 मीटर की परिधि में किसी भी प्रकार का हथियार, मोबाइल फोन, वाई-फाई यंत्र ले जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इतना ही नहीं परीक्षा केंद्रों के आसपास फोटो स्टेट की मशीनें भी बंद रखी जाएंगी। इन आदेशों की अवहेलना करने पर आईपीसी की धारा 188 के तहत कार्रवाई की जाएगी।