थानेसर रेलवे स्टेशन के पास चल रहा एलिवेटेड ट्रैक का निर्माण कार्य। संवाद
- फोटो : Kurukshetra
कुरुक्षेत्र। एलिवेटेड रेल ट्रैक का 60 फीसदी निर्माण कार्य हो चुका और जून 2023 तक प्रोजेक्ट पूरा कर लिया जाएगा। इस परियोजना पर अब तक 117 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जा चुकी है। प्रोजेक्ट पर 225 करोड़ रुपये खर्च होना है। थानेसर शहर के पुराने रेलवे स्टेशन को भी एलिवेटेड स्टेशन बनाया जाएगा। इस परियोजना के तहत अंडर ग्राउंड फाउंडेशन में 1296 पिलरों का निर्माण किया जाएगा।
यह जानकारी विधायक सुभाष सुधा ने दी। रविवार को रेलवे स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्य का जायजा लेने के बाद बातचीत कर रहे थे। विधायक ने कहा कि एलिवेटेड रेल ट्रैक परियोजना के तहत 1296 फाउंडेशन पिलर बनाए जाने हैं। इस कार्य को लगभग पूरा किया जा चुका है। इसके अलावा 450 बीम में से अधिकतम बीम बनाए जा चुके हैं।
प्रोजेक्ट को जून 2023 तक बनाने के लिए दिन रात काम किया जाएगा। इस प्रोजक्ट से लाखों लोगों को फायदा होगा तो शहरवासियों को पांच फाटकों से निजात मिलेगी। इससे ट्रैफिक जाम की समस्या समाप्त होने के साथ-साथ लोगों को आर्थिक रूप से भी फायदा होगा। उन्होंने कहा कि इस प्रोजेक्ट को एचआरआईडीसी की देखरेख में आईएससी प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड पुणे की एजेंसी द्वारा किया जा रहा है। इस प्रोजेक्ट को एचआरआईडीसी के मैनेजर अमर सिंह राठौड़ और उनकी टीम में शामिल सहायक मैनेजर सिविल जेपी लाल, एजेंसी के प्रोजेक्ट मैनेजर संदीप गौतम की देखरेख में निर्धारित समय अवधि में पूरा करने का काम किया जाएगा।
वर्ष 2016 में लोक निर्माण विभाग की तरफ से झांसा रोड रेलवे फाटक और पिहोवा रोड थर्ड गेट पर रेलवे ओवरब्रिज बनाने का प्रस्ताव तैयार हुआ था। इन दोनों आरओबी बनने के बाद भी तीन रेलवे फाटक पर फिर से जाम की स्थिति रहती और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता। सबसे बड़ी बात यह थी कि झांसा रोड पर और थर्ड गेट पर आरओबी बनने से शहर के दुकानदारों और व्यापारियों को सबसे ज्यादा नुकसान होता था।