ठंड से जन जीवन प्रभावित, पाले से आलू, सरसों की फसल प्रभावित
अमर उजाला ब्यूरो
इस्माईलाबाद। कई दिनों से चल रही शीत लहर से तापमान में तेज गिरावट आई है। इससे जन जीवन बुरी तरह से प्रभावित
हो गया है। शीत लहर से गेहूं की फसल को फायदा होने से किसान के चेहरों पर खुशी की लहर है। शीत लहर के प्रकोप से लोग
अपने घरों में दुबकने के लिए मजबूर हैं। इसके चलते बस स्टैंड और बाजार से रौनक गायब रही। इसका असर दुकानदारों की आमदनी
पर भी पड़ा। ठंड से बचने के लिए लोग अलाव का सहारा लेते नजर आए। हालांकि, उससे भी उन्हें राहत नहीं मिल सकी।
दोपहर के समय हल्की धूप निकलने से ठंड से थोड़ी बहुत राहत मिली, लेकिन धूप तेज न होने से उसका प्रभाव ज्यादा
नहीं रहा। ठंड से गेहूं की फसल को खासा फायदा हो रहा है, तो पाले का विपरीत असर सरसों, आलू, तोरिए और अन्य सब्जियों पर
पड़ने से इनका उत्पादन करने वाले किसानों में खासी निराशा है।