जिला जेल में कैदी सिख रहे सूर्य नमस्कार और ताड़ासन
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र। आयुष विभाग द्वारा 10 से 16 अक्तूबर तक जिला कारागार में कैदियों के अच्छे स्वास्थ्य के लिए योगा शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस बारे जानकारी देते हुए जिला आयुर्वेद अधिकारी डा. सुदेश जाटियान ने बताया कि इस योग शिविर में कैदियों को योग से निरोग रहने और मानसिक तनाव दूर करने बारे विशेष तौर पर योग का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आयुष विंग जिला हस्पताल मे कार्यरत मंजीत सिंह, योगा विशेषज्ञ द्वारा कैदियों को योग का अभ्यास करवाया जा रहा है। इस योग शिविर में सूर्य नमस्कार, ताडासन, त्रिकोणासन, सूक्ष्म व्यायाम और प्राणायाम इत्यादि आसनों का अभ्यास करवाया जा रहा है और कैदियों द्वारा भी इस योग शिविर में पूरी तत्परता से भाग लिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस बार द्वितीय धनवंतर दिवस को स्टेट लेवल पर जिले में धूमधाम से मनाया जाएगा।