अंबाला। सूदखोरी का कार्य करने वालों की अब खैर नहीं है। पुलिस ने जिले के 50 ऐसे लोगों को चिन्हित किया है जो सूदखोरी का काम करते हैं। हालांकि पुलिस की तरफ से अभी इन सूदखोरों का रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। साथ ही सबूत जुटाए जा रहे हैं। उनके बाद सूदखोरी में संलिप्त पाए जाने वालों पर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पुलिस की तरफ से अभी दो थानों में मामले दर्ज कर लिए गए है। जिन्होंने पैसे देने के बाद मोटा ब्याज वसूला। अंबाला के पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत ने बताया कि जिला अंबाला में सूदखोरी का कार्य करने वाले लगभग 50 सूदखोरों की पहचान कर उनके कार्यालय व आवास पर पुलिस की कार्रवाई जारी है। सूदखोरी से मोटा ब्याज खाने व लोगों को कर्ज देकर शोषण करना किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे सूदखोरों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया हैं। सूदखोरी का कार्य करने वाले लोगों के संबंध में सूचना जिला पुलिस कंट्रोल रूम, डायल 112 व 9729990112 पर दे सकते हैं।