कुरुक्षेत्र। वर्क परमिट पर मलेशिया भेजने के नाम पर 4. 87 लाख रुपये की धोखाधड़ी के आरोप में पुलिस ने दो भाइयों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपी ने युवक को मलेशिया में पीआर कराने का झांसा भी दिया था। रुपये लेने के बाद आरोपी ने उसे मलेशिया की जगह थाईलैंड भेज दिया।
पुलिस अधीक्षक को दी शिकायत में उदयभान निवासी छपरी ने बताया कि अजय निवासी कैथल ने उसके बेटे सावन को टूरिस्ट वीजा पर मलेशिया भेजने की बात कही थी। बाद में उसके बेटे को वर्क परमिट दिलाकर पीआर करने का आश्वासन दिया था, क्योंकि आरोपी का भाई मलेशिया में ही रहता है। इस एवज में आरोपी ने चार लाख रुपये मांगे थे। एक जुलाई 2022 में आरोपी सावन का पासपोर्ट, अन्य कागजात और दो लाख रुपये लेकर गया।
कुछ दिन बाद में आरोपी की मांग पर उसने ने 1,45,499 रुपये आरोपी के खाते में डाले तथा खर्च और टिकट के नाम पर बकाया राशि भी प्राप्त कर ली। आरोपी ने उसके बेटे को मलेशिया की जगह थाईलैंड भेज दिया। यहां एक दिन के बाद उसे वापस आना पड़ा। उसने आरोपी से अपने रुपये मांगे तो जान से मारने की धमकी दी। शिकायत पर पुलिस ने थाना शाहाबाद में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।