पिहोवा। डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल में 17वां निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। शिविर में 815 लोगों को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, आवश्यक दवाइयां और अनुभवी चिकित्सकों की ओर से परामर्श की सुविधा प्रदान की गई। आधुनिक चिकित्सीय उपकरणों की सहायता से विभिन्न रोगों की जांच करते हुए उचित उपचार बताया गया। शिविर में 482 लोगों को नेत्र जांच के बाद 208 को चश्मे दिए गए। इसके अलावा 131 लोगों को मोतियाबिंद के ऑपरेशन के लिए चिन्हित किया। भाजपा नेता जयभगवान शर्मा डीडी और नगर पालिका प्रधान आशीष चक्रपाणि ने निरीक्षण करते हुए कहा कि सांसद नवीन जिंदल की ओर से निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाए जाना सराहनीय कदम है। सांसद कार्यालय प्रभारी धर्मवीर सिंह ने कहा कि अभियान के अंतर्गत चार चरणों में 25 शिविर और एक विशाल हेल्थ कैंप लगाया जाएगा।