संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। सूर्यग्रहण मेले में लगभग पांच लाख श्रद्धालुओं के लिए सरकार व प्रशासन की तरफ से पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। श्रद्धालुओं के लिए लगभग 400 बसें व विशेष ट्रेनें भी चलाई जाएगी। सुरक्षा के लिए करीब 4500 पुलिस अधिकारी व कर्मचारियों के साथ लगभग दो हजार होमगार्ड के जवानों को तैनात किया जाएगा। मेले में 370 से ज्यादा सीसी टीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे। यह जानकारी उपायुक्त शांतनु शर्मा ने मेले को लेकर अधिकारियों की एक बैठक में दी।
इससे पहले हरियाणा के मुख्य सचिव संजीव कौशल ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये कहा कि 25 अक्तूबर को लगने वाले सूर्यग्रहण मेले में लगभग पांच लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है, जिनके लिए व्यापक स्तर पर आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं। मुख्य सचिव ने कहा कि मेला के लिए स्पेशल बसें भी चलाई जाएंगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले के सफलतापूर्ण आयोजन के लिए जिला प्रशासन, कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड और पर्यटन विभाग आपसी सामंजस्य से कार्य करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले में पब्लिक एड्रेस सिस्टम को और अधिक मजबूत किया जाए ताकि कोई भी व्यक्ति मोबाइल एप के माध्यम से बड़ी आसानी से मेले से संबंधित सूचनाओं की जानकारी प्राप्त कर सकें।
उन्होंने कहा कि चिकित्सा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए मेला ग्राउंड में एंबुलेंस की व्यवस्था, स्ट्रैचर्स, डॉक्टरों की टीमों को लगाया जाए। इसके साथ ही अग्निशमन गाड़ियों की भी व्यवस्था होनी चाहिए। ब्रह्मसरोवर पर नावों, गोताखोरों एवं तैराकों को लगाया जाना सुनिश्चित किया जाए ताकि किसी भी आपातकालीन स्थिति में तुरंत सभी सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। श्रद्धालुओं के रहने, पीने के पानी, शौचालय, पार्किंग, इत्यादि सुविधाओं की भी उचित व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि मेला क्षेत्र में बिजली और टेलीफोन की भी व्यवस्था की जाए।
मेला क्षेत्र को 20 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। मेला ग्राउंड में पुलिस कंट्रोल रूम भी स्थापित किया जाएगा। मेले एरिया की सुरक्षा के लिए ड्रोन की सहायता से वीडियोग्राफी भी की जाएगी। उपायुक्त ने कहा कि आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए मेला क्षेत्र से मुख्य सड़क तक एक डैडिकेटिड रूट बनाया जा रहा है, जिसके माध्यम से एंबुलेंस, अग्निशमन वाहन और पुलिस वाहनों की आवाजाही आसानी से हो सकेगी। बैठक में बताया गया कि मेले के दौरान सभी श्रद्धालुओं का ग्रुप इंश्योरेंस करवाया जाएगा। इसके अलावा, पार्किंग व्यवस्था के लिए 25 पार्किंग स्थलों को चिह्नित किया गया है।