विदेश भेजने के नाम पर रुपये लेने और दुष्कर्म का मामला दर्ज
शाहाबाद। एक महिला की शिकायत पर पुलिस ने महिला सहित चार के खिलाफ विदेश भेजने के नाम पर पैसे लेने और एक युवक द्वारा दुष्कर्म करने का मामला दर्ज किया है। शिकायत में एक गांव की महिला ने कहा कि उसने अप्रैल 2016 में एसजी कंप्यूटर सेंटर बाबैन में विजय गुलाटी के पास नौकरी ज्वाइन की थी। सेंटर में उसे बाबैन निवासी प्रवीण धीमान मिला, जो बाद में रीतू को अपनी पत्नी बनाकर उसके घर लाया, जबकि उसकी शादी नंदनी से हुई थी। उन्होंने कहा कि वह उसे न्यूजीलैंड भेज देगा, जिसके लिए 3 लाख रुपए प्रवीण धीमान को दे दिए। इसके बाद उसने नॉटिफिकेशन आने की बात कहकर उसके साढ़े चार लाख और मोहन सिंह से दो लाख रुपए ले लिए। इसके बाद वह उसे थाईलैंड ले गया और 5 दिन बाद वापस ले आया। तब प्रवीण ने उसे कहा कि वह उसे 4, 5 दिन बाद न्यूजीलैंड भेज देगा और उसे घर की बजाय मोहाली की एक पीजी में रखा। बताया कि इस दौरान उसने दुष्कर्म भी किया और वहीं प्रवीण एवं सूरजभान निवासी धनानी ने उसके पास से कुछ दस्तावेजों पर हस्ताक्षर भी कराए। जब बार-बार कहने के बावजूद उसे और उसके मंगेतर को न्यूजीलैंड नहीं भेजा गया तो उसने दबाव बनाना शुरू किया, लेकिन प्रवीण धीमान उसे धमकी देने लगा कि उसने कोर्ट मैरिज के कागजों पर उसके हस्ताक्षर कराए हुए हैं और वह उसे बदनाम कर देगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।