भावी डॉक्टरों की बिगड़ी तबीयत, प्राचार्य ने 15 मिनट की मिन्नत पर छात्र इलाज के लिए नहीं हुए तैयार
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र ।
चार दिन अनशन पर बैठे पांचों भावी चिकित्सकों की सोमवार को तबीयत बिगड़ने पर श्रीकृष्ण आयुर्वेद कॉलेज प्रशासन के हाथ पांव फूल गए। आनन-फानन में इन्हें लोक नायक जयप्रकाश अस्पताल पहुंचाया गया। पिछले कई दिनों से श्रीकृष्ण आयुर्वेदिक राजकीय कॉलेज में इंटर्नशिप पर मिलने वाली राशि में बढ़ोत्तरी की मांग को लेकर भावी चिकित्सकों का विरोध प्रदर्शन और चार दिनों से आमरण अनशन जारी है। अनशन पर बैठे विद्यार्थियों की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलते ही कॉलेज की प्राचार्या सहित अन्य अधिकारी विद्यार्थियों से इलाज लेने के लिए 15 मिनट तक मिन्नते करते रहे, लेकिन भावी डॉक्टर टस से मस नहीं हुए। भावी अध्यापकों ने कॉलेज अधिकारियों से साफ कह दिया कि वे इलाज नहीं करवाएंगे। उन्होंने कहा कि अगर हमें इलाज दोगे तो चार दिन बाद उनके अन्य साथी यहां अनशन शुरू कर देंगे। उन्होंने कॉलेज प्रशासन से स्पष्ट कह दिया कि जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जाती है तब तक अनशन जारी रहेगा। इसके बाद मौके पर एंबुलेंस बुलाई गई, लेकिन अनशनकारियों ने इलाज करवाने से साफ मना कर दिया। प्राचार्या डॉ. उषा दत्ता, डॉ. आशीष व डॉ. सुरेंद्र सहारण ने जहां अनशन पर बैठे पांचों छात्रों की हालत को देखते हुए नर्स के हाथों ग्लूकोज की बोतल ले जाने के लिए कहा लेकिन एंबुलेंस में बैठे छात्रों ने कहा कि जब इलाज लेना ही नहीं तो उन्हें अस्पताल क्यों ले जाया जा रहा है। वहीं मौके पर मौजूद अधिकारी ने कहा कि हमें तो सावधानी बरतनी है। इलाज लेना है या नहीं यह तुम्हारी मर्जी है। इसके पश्चात अनशन पर बैठे सुमित सैनी, दिनेश, अक्षय, हरिंद्र, सोनू को एंबुलेंस में बैठाकर एलएनजेपी अस्पताल भेज दिया गया।