संवाद न्यूज एजेंसी
शाहाबाद। बाढ़ प्रभावित गांव मुगल माजरा और झरौली खुर्द में सांसद नवीन जिंदल की ओर से संचालित मोबाइल मेडिकल यूनिट्स ने ग्रामीणों को स्वास्थ्य लाभ पहुंचाया। सांसद के कार्यालय प्रभारी धर्मवीर सिंह ने बताया कि दोनों गांवों में शुक्रवार को कुल 344 लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान की गईं। मोबाइल मेडिकल यूनिट में डॉक्टरों ने मरीजों की जांच कर निशुल्क दवाइयां वितरित कीं। 291 मरीजों को परामर्श व दवाइयां दी गईं, वहीं 53 लोगों के रक्त व यूरिन टेस्ट भी किए गए। पिछले एक साल से सांसद द्वारा स्वस्थ कुरुक्षेत्र अभियान चलाया जा रहा है, जिसके द्वारा लोगों को निशुल्क दवाइयां, परामर्श और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।