फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ताइक्वांडो खिलाड़ी बनाकर अमेरिका भेजने के नाम पर 32 लाख की धोखाधड़ी, तीन नामजद

विज्ञापन
विज्ञापन
युवक को ताइक्वांडो खिलाड़ी बनाकर अमेरिका भेजने के हसीन सपने दिखाकर कबूतरबाजों ने उससे 32 लाख रुपये की ठगी कर ली। इस मामले में पुलिस ने एक दंपति सहित तीन लोगों को नामजद किया है। गांव धूलगढ़ डेरा मस्तगढ़ वासी दिलबाग सिंह ने थाना सदर पिहोवा पुलिस को शिकायत मेें बताया कि साल 2016 में उसकी जान पहचान सोशल मीडिया के जरिए किशनपुरा बठिंडा रोड जिला मुक्तसर साहिब के संदीप से हुई थी। वह उससे चैटिंग करता रहता था। इस दौरान संदीप ने उसे बताया कि वह विदेश भेजने का काम करता है तथा उसे भी विदेश भेज देगा। 22 दिसंबर 2016 को वह संदीप से मिलने पहुंचा तो वहां उसकी पत्नी दलजीत कौर व उसके पिता रामचंद्र से भी उसकी मुलाकात हुई थी। तब संदीप ने उसे बताया कि वह ताइक्वांडो बोर्ड ऑफ इंडिया का प्रेसिडेंट है। इस बोर्ड के जरिए वह विदेशों में अपनी टीम को भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए भेजता है। उसने उसे अमेरिका, कोरिया, साउथ कोरिया व मेक्सिको आदि देशों के पासपोर्ट पर लगे हुए वीजा भी दिखाएं और भरोसा दिलाया कि वह कई लोगों को विदेश में सेट करा चुका है। दिलबाग के मुताबिक आरोपी संदीप ने उससे कहा कि यदि वह अमेरिका जाना चाहता है तो वह उसे ताइक्वांडो की ट्रेनिंग देकर पहले खिलाड़ी बनाएगा और फिर उसे विदेश भेजकर पक्का करा देगा। इस काम के लिए 35 लाख रुपये की मांग की गई थी। इसके बाद उसने 50 हजार रुपये फाइल प्रोसेसिंग के लिए 31 दिसंबर 2016 को आरोपियों के पास भेजी थी। 13 जनवरी 2017 को आरोपी ने उससे दिल्ली से बठिंडा आते हुए उसका पासपोर्ट, फोटो, शैक्षणिक दस्तावेज व ढाई लाख रुपये पिहोवा चौक पर लिए थे। उसने आश्वासन दिया कि वह जल्द ही उसकी ताइक्वांडो ट्रेनिंग शुरू करा देगा, लेकिन वह उसे काफी समय तक टरकाता रहा। इसी तरह आरोपी ने उससे कुछ ही दिनों में 12 लाख 94 हजार रुपये अलग-अलग खातों में डलवा लिए थे। इसके अलावा उसने 19 लाख रुपये नगद भी लिए थे, लेकिन आरोपी ने उसे न ट्रेनिंग दिलाई और न ही उसे अमेरिका भेजा था। इसी दौरान 30 जनवरी 2019 को उसने अखबार में आरोपी संदीप के खिलाफ चाणक्यपुरी थाना नई दिल्ली में धोखाधड़ी का मामला दर्ज होने की खबर पड़ी थी। जिसमें वह विदेश भेजने के लिए फर्जीवाड़ा कर रहा था। तब जाकर उसे अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ। उसने बार बार आरोपी से अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपी ने 32 लाख रुपये देने की बजाय टालमटोल किया। इसके बाद पुलिस ने दिलबाग की शिकायत पर संदीप, उसकी पत्नी दलजीत कौर और पिता रामचंद्र के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया। मामले को लेकर सदर थाना प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि शिकायत पर पुलिस ने तीन आरोपियों को नामजद किया है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें