पिहोवा। गांव हरिगढ़ भौरख में देर रात घर में घुसकर दंपती को मारपीट कर घायल करने के मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो लोगों को नामजद किया है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस में दर्ज शिकायत में महिला बीना रानी ने कहा कि बीते बुधवार की रात वह अपने परिवार के साथ खाना खाने के बाद बैठकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान गांव के ही रहने वाले गुरदीप एवं प्रदीप बाइक पर सवार होकर घर में घुस आए और बेवजह गाली-गलौज करने लगे। जब उसके पति अंग्रेज ने इसका विरोध किया तो दोनों युवकों ने उन पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। इस दौरान जब उनके भतीजे जगदीप व तरसेम ने बीचबचाव किया तो हमलावर उनके साथ भी मारपीट करने लगे। शोर सुनकर जब आसपास के लोग एकत्र हुए तो दोनों हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घायल महिला बीना की शिकायत पर आरोपी गुरदीप व प्रदीप के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।