कुरुक्षेत्र। गड्ढों में तब्दील हो चुके स्टेट हाईवे नंबर छह पर अगले चार माह बाद वाहन फर्राटा भर सकेंगे। थानेसर से पिहोवा तक इस हाईवे का 30 करोड़ की लागत से नवनिर्माण किया जाएगा, जिसके लिए पीडब्ल्यूडी विभाग ने तैयारी कर ली है। न केवल जल्द इस पर कार्य शुरू होगा बल्कि इसे चार माह में पूरा कर लिए जाने का लक्ष्य तय किया गया है।
करीब 25 किलोमीटर लंबे इस हाईवे पर थर्ड गेट से ज्योतिसर तक पांच किलोमीटर तक मॉडल हाईवे बनाया जाएगा, जिस पर करीब 17 करोड़ रुपये खर्च होंगे। मॉडल हाईवे फोर लेन होगा जबकि बाकी हिस्सा टू लेन ही होगा। जहां लंबे समय से हाईवे खस्ताहाल है तो वहीं पिछले वर्ष आई बाढ़ के दौरान यह और भी बदहाल हो गया था। भले ही पीडब्ल्यूडी विभाग ने हाईवे के अधिकतर गड्ढे भरने का काम किया लेकिन अभी भी हाईवे बदहाल है, जहां से राहगीर हिचकोलों संग सफर करने को मजबूर हैं। इसी हाईवे से धर्मनगरी कैथल व पंजाब के पटियाला तक जुड़ा है, जिसके चलते इस पर हर समय वाहनों की बड़ी संख्या में आवाजाही रहती है।
थर्ड गेट से ज्योतिसर तक मॉडल होगा हाईवे
स्टेट हाईवे के थर्ड गेट से ज्योतिसर तक पांच किलोमीटर फोरलेन हिस्से को मॉडल बनाया जाएगा। इस पर कार्य भी पिछले करीब दो माह से शुरू किया जा चुका है। इसका निर्माण कंकरीट से किया जाना है, जिस पर सड़क यातायात से जुड़े हर संकेतक के साथ-साथ स्ट्रीट लाइट, आकर्षक डिवाइडर सहित अन्य सुविधाएं भी राहगीरों को मिलेंगी।
सरकार ने बजट किया मंजूर, जल्द काम होगा शुरू : एक्सईएन
पीडब्ल्यूडी विभाग के एक्सईएन राजकुमार का कहना है कि हाईवे के नवनिर्माण का खाका तैयार कर लिया गया है। सरकार की ओर से बजट मंजूर कर लिया गया है। संबंधित एजेंसियों को काम सौंपे जाने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है और जल्द काम शुरू कर दिया जाएगा। हाईवे का निर्माण दो स्तर पर किया जा रहा है। एक थर्ड गेट से ज्योतिसर तक तो दूसरा ज्योतिसर से पिहोवा तक निर्माण किया जाएगा।