बालाजी की पूजा अर्चना करने से मिलता है मन वांछित फल: महावीर
अमर उजाला ब्यूरो
पिहोवा। श्री दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर स्थित मेन चौक की ओर कार्तिक मास के उपलक्ष्य में चल रही प्रभातफेरी बुधवार को कर्मपाल शर्मा के निवास स्थान पर पहुंची। जहां आयोजक परिवार ने पुष्प वर्षा कर प्रभातफेरी का स्वागत किया। बालाजी भजन मंडली द्वारा गाए गए भजन चलो बुलावा आया है, ने श्रद्धालुओं को झूमने पर विवश कर दिया। महंत महावीर दास ने बताया कि बालाजी हनुमानजी का बाल स्वरूप है। कलयुग में बालाजी की पूजा अर्चना करने से मनुष्य को मनोवांछित फल की प्राप्ति होती है। हनुमानजी अपने भक्तों के सभी संकटों को हर लेते हैं। इसलिए इन्हें संकटमोचन भी कहा जाता है। महंत महावीर दास व पंडित शंभूदत्त गौतम ने आयोजक परिवार को बालाजी का स्वरूप भेंट किया। इस अवसर पर अभिषेक कुश, रजनी, संतोष, राजीव शर्मा, किशोर शर्मा, अनिल बंसल, संजीव शर्मा, अजय शर्मा, फकीर चंद, मोहन शर्मा सहित कई श्रद्धालु मौजूद रहे।