जिला कारागार में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की चेन दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। वीरवार को भी चार बंदी कोरोना पॉजिटिव पाए गए, जबकि उनके संपर्क में आए बंदियों को जांच की गई। जिन बंदियों को कोरोना वायरस के लक्षण थे, उन बंदियों को पुलिस जांच के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंची। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार वीरवार को चार बंदियों सहित 21 नए कोरोना संक्रमित केस सामने आए हैं, जबकि 41 मरीजों को ठीक होने पर अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया है। जिला सिविल सर्जन डॉ. संत लाल वर्मा ने कहा कि कुरुक्षेत्र से 21171 मरीज ठीक होकर घर लौट चुके हैं। इस समय कुरुक्षेत्र में पॉजिटिव मरीजों की रिकवरी दर का आंकड़ा 96.94 फीसदी है। जिले में अब कोरोना के संक्रमण का प्रभाव तेजी के साथ कम हो रहा है। कुरुक्षेत्र में अब सिर्फ 324 ही कोरोना एक्टिव केस है। सीएमओ ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभी तक लिए गए 369399 में से 346861 सैंपलों की रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है। विभाग ने वीरवार को कोरोना पॉजिटिव इसाक निवासी 58 वर्षीय व्यक्ति की मौत की पुष्ट की है, जबकि इनकी मौत 8 जून को जिला अस्पताल कैथल में हो गई थी। जिले में अब तक 21841 पॉजिटिव केस सामने आ चुके हैं। कुरुक्षेत्र में अब तक 344 कोरोना पॉजिटिव मरीजों की मौत हो चुकी है।