अस्तित्व बचाने के लिए बादल कर रहा हरियाणा में सिखों को बांटने की राजनीति: बलविंदर चीमा
अमर उजाला ब्यूरो
पिहोवा। शिरोमणि अकाली दल बादल की 10 मार्च को पिहोवा की अनाज मंडी में होने वाली जनचेतना रैली को लेकर विरोध के सुर तेज होने लगे हैं। वीरवार को सिख समाज जागरुक मिशन हरियाणा की बैठक उपप्रधान बलविंदर सिंह चीमा की अध्यक्षता में अनाजमंडी में हुई। इस दौरान रैली का पुरजोर विरोध करने का निर्णय लिया गया। प्रदेशाध्यक्ष सोहन सिंह विर्क ने कहा कि शिअद बादल हरियाणा में आकर सिख समाज में दखलंदाजी करकेसमाज को बांटने की कोशिश में हैं। अकाली दल ने हरियाणा के सिख एवं पंजाबी समुदाय के साथ भेदभाव किया तथा उनके हित में कोई भी भलाई का काम नहीं किया है। सिख जागरुकता मिशन हरियाणा बादल की 10 मार्च को पिहोवा की अनाजमंडी में होने वाली रैली का पुरजोर विरोध करेगा। उपप्रधान चीमा ने कहा कि शिअद बादल ने हमेशा समाज को लूटने एवं दूसरी राजनैतिक पार्टियों के हाथों सिख समुदाय को बेचने का काम किया है। हरियाणा का सिख एवं पंजाबी समुदाय नहीं चाहता कि ऐसे लोग हरियाणा में आकर प्रदेश के भाईचारे का माहौल खराब करें। पंजाब की जनता बादल को बुरी तरह से नकार चुकी है। अब शिअद बादल अपना अस्तित्व बचाने के लिए अन्य राज्यों की ओर रुख कर रहा है, लेकिन हरियाणा का सिख एक है और ऐसे किसी बहकावे में आने वाला नहीं। इस अवसर पर बलिहार सिंह, मोहर सिंह, कुलबीर सिंह, रघबीर सिंह, बलिहार सिंह वड़ैच, जगजीत सिंह, लालचंद, श्याम लाल, कृष्ण, रणजीत सिंह तथा दयानंद सहित अन्य मौजूद रहे।