लाखें के सूट और साड़ियां ले उड़े चोर
फोटो न.22
- रेलवे रोड पर दुकान का शटर तोड़ कर दिया घटना को अंजाम
अमर उजाला ब्यूरो
शाहाबाद ।
सर्दी का मौसम शुरू होते ही चोरी की वारदातें शुरू हो गई हैं। शनिवार देर रात को भी चोरों ने रेलवे रोड पर स्थित कपड़े की एक दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चोर दुकान से करीब 6 लाख रुपये के लेडीज सूट और साड़ियां चोरी करके चंपत हो गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज करके चोरों की तलाश शुरू कर दी है। दुकान के मालिक रजत बजाज ने बताया कि शनिवार सायं वह अपनी दुकान को हर रोज की तरह ही बंद करके गया था। लेकिन जब वह रविवार को सुबह अपनी दुकान की सफाई करने के लिए आया तो देखा कि शटर के ताले टूटे हुए थे। जब उसने शटर उठाकर देखा तो दुकान के अंदर रखे काफी कपड़े गायब थे। रजत ने बताया कि जिस पर उसने अन्य दुकानदारों को एकत्रित किया और इसकी शिकायत पुलिस में की। रजत ने बताया कि चोर चोरी करने के बाद शटर को बंद कर गए और चोरों ने उसकी दुकान से करीब 6 लाख के सूट व साड़ियां आदि चोरी कर ले गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और डॉग स्कवॉयड व फिंगर प्रिंट्स एक्सपर्ट को मौके पर बुलाया। पुलिस ने मामला दर्ज करके चोरों की तलाश शुरू कर दी है। चोरी की इस घटना से रेलवे रोड दुकानदारों में रोष है। दुकानदार सुनील बावेजा, सतपाल बुद्धि राजा, अमरनाथ बुद्धि राजा, यशपाल अरोड़ा, आशू अरोड़ा, हरीश वाल्मीकि, चेतन कुमार, सुंदर लाल, पंकज आदि ने इस घटना की निंदा करते हुए पुलिस अधीक्षक से चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है।