शिक्षा के साथ खेलों में भी भविष्य बनाएं खिलाड़ी : चावला
अमर उजाला ब्यूरो
शाहाबाद।
शुक्रवार को सतलुज वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल में दो दिवसीय वार्षिक खेल प्रतियोगिता शुरू हो गई, जिसकी शुरूआत मुख्यातिथि नगरपालिका प्रधान बलदेव राज चावला ने और चार्टर एकाउंटेंट संजय लाल ने की। नगर पालिका प्रधान बलदेव राज चावला ने कहा कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेलों में बढ़ चढ़कर भागीदारी करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आज खेलों में भी भविष्य बनाने के सुनहरे अवसर हैं इसलिए विद्यार्थी खेलों को भी अपना आधार बनाएं। उन्होंने यहां की हॉकी खिलाड़ियों का उदाहरण भी बच्चों को दिया। चावला ने कहा कि आज खेलों की बदौलत इस क्षेत्र का नाम पूरे दुनिया में लोकप्रिय है। उन्होंने खिलाड़ियों को नशे से दूर रहने व फिट रहने के लिए भी प्रेरित किया। प्रतियोगिता के पहले दिन 50 मीटर दौड़, फ्रोग रेस, बैग रेस, 100 मीटर दौड़, 200 मीटर दौड़ प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। स्कूल के प्राचार्य डॉ. आरएस घुम्मन ने आए हुए अतिथियों का अभिनंदन किया तथा स्कूल की उपलब्धियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर प्राचार्य डा. आरएस घुमन, संतोष घुमन, मनिन्द्र सिंह घुमन, अशोक भसीन, राकेश गर्ग, एससी सिंगला, चरणजीत अरोड़ा, कुलविन्द्र, राजकुमार गर्ग सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।