ट्राले की टक्कर से बाइक सवार व्यक्ति की मौत
पिहोवा। बस स्टैंड के पास ट्राले की टक्कर लगने से बाइक चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान नरसद निवासी घंगामा (बिहार) के रूप में हुई। पुलिस में दर्ज शिकायत में मृतक के भतीजे दिलबर ने कहा कि वह दिहाड़ी मजदूरी का काम करते हैं। देर रात वह अपने चाचा नरसद के साथ काम करने के बाद अपनी-अपनी बाइक से घर जा रहे थे। बस स्टैंड के पास पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्राला चालक ने उसके चाचा नरसद की बाइक में टक्कर मार दी, जिससे उसका चाचा बाइक सहित सड़क पर जा गिरा और गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसे इलाज के लिए पिहोवा के निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना के बाद ट्राला चालक अपने वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने मृतक नरसद के भतीजे दिलबर की शिकायत पर ट्राला नंबर के आधार पर मामला दर्ज कर ट्राले को अपने कब्जे लेकर शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों के हवाले कर दिया।