दो घंटे गरजे रोडवेज कर्मी, यूनियन पदाधिकारियों ने किया प्रदर्शन
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र।
कच्चे चालकों को सरकार के हटाने की नीति के विरोध में नए बस अड्डे पर रोडवेज कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के आह्वान पर कर्मचारियों की दोनों यूनियन के पदाधिकारियों व सदस्यों ने दो घंटे तक जमकर रोष जताया। प्रदर्शन की अध्यक्षता यूनियन प्रधान राजेश गोयल और मूलचंद तिगरी ने की जबकि मंच संचालन सुरेंद्र बारवा ने किया। दोनों प्रधानों ने कहा कि सरकार ने वर्ष 2016 में नियुक्त किए गए चालकों को हटाने का प्रयास किया तो कर्मचारी डिपो बंद करने से भी गुरेज नहीं करेंगे। सरकार की मनमानी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सरकार ने आंदोलन को भी दबाने की कोशिश की तो इसका खामियाजा विभाग व सरकार को ही भुगतना पड़ेगा। इस दौरान संजय कुमार, अंग्रेज सिंह, जसमेल सिंह, देवेंद्र सिंह, प्रेम सिंह, ओमप्रकाश, अमित कुमार, पवन कुमार, रवि, कर्म सिंह, रमेश, दीनानाथ, राजकुमार, करनैल सिंह, प्रवीण कुमार, वीरभान, शिवकुमार, सुमेर चंद, विक्रम सिंह, सतनाम सिंह सहित भारी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।