आयु निर्धारित करने के नोटिफिकेशन से नंबरदारों में रोष
अमर उजाला ब्यूरो
लाडवा।
हरियाणा नंबरदार एसोसिएशन की मंगलवार को पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह में विशेष बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता जिला प्रधान रणदीप सिंह गूढा ने की। बैठक में नंबरदारों की समस्याओं और मांगों पर मंथन हुआ। इस दौरान अपनी मांगों को लेकर सीएम को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार को सौंपने की रणनीति बनाई गई। इस दौरान हरियाणा सरकार ने नंबरदारों की आयु निर्धारित करने का नोटिफिकेशन जारी करने का नंबरदारों ने विरोध किया। सभी ने इस नोटिफिकेशन को तुरंत वापस लेकर रद्द करने कि मांग की। एसोसिएशन संयोजक हरप्रीत सिंह चीमा ने कहा कि नंबरदार सरकार और जनता के बीच कड़ी हैं। सरकार ने नंबरदारों की आयु को निर्धारित करके उनके साथ अभद्र व्यवहार किया है। इसे तुरंत वापस लेना चाहिए। ब्लॉक प्रधान जंगशेर सिंह बन ने नंबरदारों का आह्वान किया कि वे सीएम को ज्ञापन सौंपने के लिए एक फरवरी को सुबह 10 बजे लाडवा पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह में पहुंचें। इस अवसर पर जगीर सिंह, राजकुमार धनौरा, रणधीर सिंह, राजपाल, तिलक राज, जय नारायण, प्रदीप कुमार, राकेश आदि नंबरदार मौजूद रहे।