तहसीलदार बोले, आज तक नहीं मिली तबादला प्रति
अमर उजाला ब्यूरो
लाडवा।
तहसील में तबादला आदेश आने के डेढ़ माह बाद भी अधिकारी अपनी कुर्सी छोड़ने के लिए तैयार नहीं हैं। डेढ़ माह पहले लाडवा तहसील में कार्यरत तहसीलदार का तबादला आदेश जारी हो चुका है, लेकिन ये तहसीलदार आज तक यहीं पर कार्यरत हैं। मिली जानकारी के अनुसार लाडवा में कार्यरत तहसीलदार हरीश कालड़ा का 28 सितंबर को तबादला हो गया था। तबादले के आदेश भी जारी हो गए, लेकिन वह आज तक तहसीलदार लाडवा में ही कार्यरत है। सूत्रों से यह भी पता चला है कि तहसीलदार अपना तबादला रद्द कराने मेें लगे हैं। यही कारण है कि डेढ़ माह बीत जाने के बाद भी तहसीलदार ने फिरोजपुर झिरका में बदली होने के बाद भी वहां ज्वॉइन नहीं किया। जब इस संबंध में तहसीलदार हरीश कालड़ा से बातचीत की गई तो उन्होंने कहा कि उन्हें यह तो पता चला है कि उनका ट्रांसफर हो गया है, लेकिन उनके पास अभी तक ट्रांसफर ऑर्डर की प्रति नहीं आई है। उनको जैसे ही ट्रांसफर की प्रति मिल जाएगी, वह नई जगह ज्वॉइन कर लेंगे।