कुरुक्षेत्र। कारगिल विजय दिवस और हरियाली तीज के अवसर पर प्रेरणा समिति हरियाणा के संयोजक डॉ. अशोक कुमार वर्मा इन्सां के नेतृत्व में लोक नायक जय प्रकाश अस्पताल में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। इस अवसर पर केयू की प्रो. डॉ. संतोष दहिया ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की, जबकि डॉ. राम रतन शर्मा ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। शिविर में डिप्टी सिविल सर्जन अधिकारी डॉ. आरके सहाय अतिविशिष्ट अतिथि रुप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान भारत माता पर अपना जीवन समर्पण करने वाले शहीदों को श्रद्धा सुमन अर्पित किये गए। मुख्यातिथि पहुंची प्रो.डॉ. संतोष दहिया ने कारगिल विजय दिवस और तीज के अवसर पर सभी को बधाई दी। डॉ.दहिया ने कहा कि शहीदों की याद में परमार्थी कार्य करना एक सच्ची श्रद्धांजलि है।