अमर उजाला ब्यूरो
शाहबाद। हैफेड ने प्रशासन के आदेशानुसार सूरजमुखी फसल की खरीद के लिए गांव अनुसार फसल खरीदने का शेड्यूल जारी किया हैं। इसके अनुसार 14 व 15 जून को पांच गांवों के किसानों की फसल को खरीदा जाएगा। इतना ही नहीं सरकार ने सूरजमुखी फसल का न्यूनतम मूल्य 3950 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया हैं। उपायुक्त सुमेधा कटारिया ने बताया कि शाहबाद में सूरजमुखी की फसल की खरीद का कार्य 14 जून से सुचारु रुप से शुरू कर दिया जाएगा। इसके लिए बाकायदा एक शेडयूल निर्धारित किया गया हैं। 14 व 15 जून को हैफेड एजेंसी द्वारा गांव मद्दीपुर, भोखर माजरा, शैदपुर बरवालिया, खरींडवा और फतेहगढ़ झरौली के किसानों की फसल को खरीदा जाएगा। प्रशासन ने सभी किसानों से अपील की है कि हैफेड एजेंसी द्वारा निर्धारित शेड्यूल के अनुसार ही शाहबाद अनाज मंडी में अपनी फसल को लेकर आए। इसके अलावा किसान को अपने साथ पटवारी या तहसीलदार से गिरदावरी की खाता-खतौनी की सत्यापित प्रति, बैंक खाता नंबर, बैंक का आईएफएसी कोड नंबर की प्रति और आधार कार्ड, किसान क्रेडिट कार्ड, राशन कार्ड या वोटर कार्ड में से कोई एक पहचान पत्र की प्रति भी लानी होगी।