लाडवा। अनाज मंडी में भारी मात्रा में मक्के की फसल पहुंचने लगी है। अभी तक लगभग 19 हजार क्विंटल मक्के की फसल की आवक हो चुकी है।
फसल लेकर पहुचे किसान अनिल कुमार, शमशेर सिंह, सूरज, राजपाल, सलिंदर, प्रमोद, खिले राम, गुरनाम सिंह आदि ने कहा कि लाडवा अनाज मंडी में इस समय मक्के की फसल, जिसमें नमी है वह एक हजारा रुपए से 1200 प्रति क्विंटल बिक रही है और जो सूखी मक्के की फसल है वह 1300 रुपए से लेकर 1750 प्रति क्विंटल के हिसाब से बिक रही है। उन्होंने कहा कि इस बार पिछली बार से मक्के के दामों में कमी आई र्है। वहीं किसानों के अंदर इस बात को लेकर भी निराशा बनी हुई है कि सरकार द्वारा मक्के की फसल पर कोई एमएसपी नहीं दिया जाता है।
उन्होंने कहा कि सरकार को कोई ऐसा नियम बनाना चाहिए कि मक्के की फसल पर भी एमएसपी लागू किया जाए। जिससे किसानों को लाभ मिल सके। शुक्रवार को लाडवा अनाज मंडी में भारी मात्रा में मक्के की फसल लेकर किसान पहुंचे। मार्केट कमेटी के सचिव संत कुमार ने बताया कि अभी तक पिछले 15 दिनों में लाडवा अनाज मंडी में लगभग 19 हजार क्विंटल मक्के की फसल आ चुकी है और पिछले वर्ष मक्के की 55 हजार क्विंटल फसल आई थी। उन्होंने कहा कि लगभग 30 जून तक मंडी में मक्के की फसल आने की संभावना है