अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र। अपराध शाखा-1 ने ट्रांसफार्मर चोर गिरोह के एक सदस्य को चोरी के माल के साथ गिरफ्तार किया है। एसपी सुरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि 6 अगस्त 2018 को बिजली निगम थानेसर के एसडीओ अभिषेक बाली ने थाना केयूके में मामला दर्ज कराया था कि प्रीतम सिंह वासी गांव दबखेड़ी के खेतों में लगे एक 16 केवी ट्रांसफार्मर से अज्ञात चोर करीब 60 हजार का सामान चोरी कर ले गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। जांच अपराध शाखा-1 के निरीक्षक केवल सिंह को सौंपी गई। इसके बाद एसआई जगपाल सिंह के साथ एएसआई सत्यनारायण की टीम ने गांव जोगना खेड़ा और दबखेड़ी में गश्त शुरू की। इस दौरान एसवाईएल नहर पुल बगथला रोड दबखेड़ी पर एक व्यक्ति सिर पर कुछ सामान के साथ नजर आया। टीम ने तलाशी ली तो उससे तांबे की तार और लोहे की पत्तियां मिलीं, जिनका वजन 12 किलो 700 ग्राम पाया गया। अपनी पहचान पप्पू उर्फ अजय वासी राजमारपुर अलीगढ़ यूपी बताई। उसने बताया कि करीब दो माह पहले साथियों धर्मबीर और राजू वासी राजमारपुर के साथ मिलकर गांव दबखेड़ी में ट्रांसफार्मर का सामान चोरी किया था। सारा सामान साथ नहीं ले जा सके तो एसवाईएल नहर के किनारे झाड़ियों में छुपा दिया। धर्मबीर और राजू के साथ मिलकर करीब पांच माह पहले गांव खानपुर रोडान के खेतों मे लगे ट्रांसफार्मर से तांबे की तारें और लोहे की पत्तियां चोरी की थी। करीब डेढ़ महीने पहले माजरी कलां थाना झांसा से भी ट्रांसफार्मरों से तारें, पत्तियां चोरी की थी। आरोपी के अनुसार करीब चार साल पहले साथियों धर्मबीर, राजू, राजा, मोहक्कम, भूदेव, पदमा, उदमा, पप्पू पुत्र दरोगी दास और गजेंद्र सिंह के साथ मिलकर गांव मिर्जापुर के खेतों में लगे ट्रांसफार्मर से तांबे की तारे एवं लोहे की पत्तियां चोरी की थी। सभी साथी गिरफ्तार हो गए थे, लेकिन अक्तूबर 2014 से वह और उसका एक साथी धर्मबीर अभी तक पुलिस की पकड़ से दूर रहे। तत्कालीन जेएमआईसी गीतांजलि गोयल ने 25 सितंबर 2015 को भगोड़ा घोषित कर दिया था, इसके संबंध में न्यायालय के आदेशों की अवहेलना करने पर मामला दर्ज करके पुन: काबू किया गया।