देर रात तक दंडी स्वामी को मनाने में जुटा रहा संत समाज व परिजन
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र। गंगाजी में जल समाधि लेने की जिद पर अड़े कृष्णाश्रम दंडी स्वामी को मनाए जाने के वीरवार देर रात तक भी प्रयास किए जाते रहे। इसके लिए संत समाज के साथ उनके परिजन भी शुक्रताल पहुंचे, लेकिन दंडी स्वामी अपनी जिद पर अड़े रहे। बताया जा रहा है कि परिजनों की ओर से उन्हें मनाने के लिए उनके पुत्र व पुत्रवधू पहुंचे तो वहीं बुधवार को स्वामी गोपालदास भी उन्हें मनाने पहुंचे थे। उनके साथ ही दंडा स्वामी के गुरु स्वामी सतदेव आश्रम ने भी अनशन व जलसमाधि की जिद छोड़ने को कहा था। इसके बावजूद भी वे जल समाधि पर अड़े रहे। यहीं नहीं वीरवार को उत्तरप्रदेश के संत समाज के कई लोगों के अलावा वहां की सरकार की ओर से भी उन्हें मनाने के प्रयास किए गए। यह प्रयास देर रात तक जारी रहा। इस दौरान वहां पुलिस जवान भी तैनात रहे तो संत समाज भी इस मामले को लेकर चिंतित दिखा। यह भी बताया जा रहा है कि दंडी स्वामी ने बुधवार देर रात को ही अपने गुरु का कमंडल भी सौंप दिया। बता दें कि 31 मार्च को दंडी स्वामी कुरुक्षेत्र में गुलजारी लाल नंदा स्मारक के समक्ष देश में रामराज व गौ सुरक्षा की मांग को लेकर अनशन पर बैठ गए थे। यहां मांग पूरी न होने पर उन्होंने पहले कुरुक्षेत्र में ही जल समाधि लेने की घोषणा की। इसके बाद उन्हें यहां से ले जाए जाने पर भी उन्होंने अनशन नहीं तोड़ा और बाद में उन्होंने जलसमाधि लेने का ऐलान कर दिया। इसके लिए वे बुधवार को शुक्रताल आश्रम पहुंचे और अपने गुरु से आशीर्वाद लिया, लेकिन उनके गुरु ने भी इस जिद को छोड़ देने के लिए कहा।