अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र।
केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही स्वाधार स्कीम के अंतर्गत जिले में उन महिलाओं के लिए शेल्टर होम की स्थापना की जानी हैं, जो बिना किसी सामाजिक और आर्थिक सहारे के कठिन परिस्थितियों में अपना जीवन व्यतीत कर रही हैं। इन घरों में ऐसी महिलाओं के रहने, भोजन, कपड़ा और उसके स्वास्थ्य की देखभाल की जाएगी। शिक्षा एवं जागरूकता के द्वारा उनके व्यक्तित्व का विकास किया जाएगा और उनको आवश्यक प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा तथा उनके पुनर्वास के लिए अन्य सेवाएं भी स्वाधार शेल्टर होम चलाने वाली संस्था द्वारा उपलब्ध करवाई जाएंगी। महिला एवं बाल विकास अधिकारी राजबालाथ कटारिया ने बताया कि इस स्वाधार सेंटर के लिए इच्छुक संस्थाएं आवेदन कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि इस स्वाधार शेल्टर के भवन निर्माण के लिए जमीन की व्यवस्था संस्था द्वारा स्वयं करनी होगी तथा भवन निर्माण पर 75 फीसदी राशि सरकार द्वारा व 25 फीसदी राशि संस्था द्वारा स्वयं वहन की जाएगी जो कि अधिकतम प्रति महिला निवासी 25 हजार रुपये तक होगी।