साईं नाथ तेरे हजारों हाथ...
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र।
श्री शिरड़ी साईं सेवा संघ द्वारा कालेश्वर तीर्थ में स्थापित साईं मंदिर का छठा साईं स्वरूप स्थापना दिवस समारोह शुक्रवार को साईं भक्तों द्वारा धूमधाम से आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह सांई स्वरूप के मंगल स्नान से हुआ, जिसमें संघ के सदस्यों एवं सांई भक्तों द्वारा 108 किलो दूध से सांई मूर्ति का स्नान कराया। इसके पश्चात पिपली में सांई भक्त कुलभूषण मुंजाल के निवास से सांई पालकी रथयात्रा निकाली गई, जिसे लाडवा के विधायक डॉ. पवन सैनी ने बतौर मुख्यातिथि रवाना किया। यह रथयात्रा सेक्टर-5,7,13,अग्रसेन चौक, श्रद्धानंद चौंक, पुराना बस अड्डा, रेलवे रोड़, मेहता चौंक, अंबेडकर चौक के रास्ते थानेसर शहर पहुंची। जगह-जगह इस रथयात्रा का भव्य स्वागत किया गया। थानेसर शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए पालकी साईं मंदिर पहुंची। बैंड-बाजों की मधुर धुन के बीच साईं भक्त झूमते हुए निकले। विशिष्ट अतिथि विधायक सुभाष सुधा एवं मंदिर कार्यकारिणी ने रथयात्रा का मंदिर पहुंचने पर स्वागत किया। इसके पश्चात सांई आरती हुई, जिसमें बड़ी संख्या में आए साईं भक्तों ने भाग लिया। तत्पश्चात साईं जी को 56 भोग प्रसाद लगाए गए।