नेपाल से स्वर्ण पदक लेकर लौटी कराटे खिलाड़ी तन्नू का स्वागत
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र।
नेपाल में हाल ही में संपन्न हुई कराटे प्रतियोगिता में बर्मा को हराकर प्रथम स्थान हासिल कर लौटी बाल विकास विद्या पीठ हाई स्कूल की छात्रा तन्नू का स्कूल पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। आठवीं कक्षा की छात्रा तन्नू ने 40 किलोग्राम भारवर्ग में यह जीत हासिल की है, जिससे स्कूल व परिजनों के साथ-साथ जिला भर में खुशी की लहर दौड़ गई है। रविवार को स्कूल में उनके सम्मान में कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें उन्हें 21 हजार रुपये की इनाम राशि से सम्मानित किया। इस दौरान स्कूल के प्रबंध निदेशक बाल किश्न, मुख्य अध्यापिका सरोज बाला, अनिल कुमार, रजनीश कुमार, मीना, सुमन, गुरविंद्र कौर, रितिमा, मुक्ता सैनी, मलकीत कौर, रीटा व गांव खेड़ी ब्राह्मण की सरपंच सपना सैनी सहित अन्य लोग भी मौजूद थे। इस दौरान स्कूल प्रबंध निदेशक बाल किशन ने कहा कि तन्नू ने स्कूल के साथ-साथ जिला व प्रदेश एवं देश का भी नाम रोशन किया है। ऐसे बच्चों पर हर किसी को गर्व होता है। उनसे दूसरे बच्चों को भी प्रेरणा मिलेगी। वहीं सरपंच सपना सैनी ने कहा कि बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी बढ़चढ़ कर भाग लेना चाहिए।