लाडवा । तुर्की में आयोजित 32वीं अंतरराष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता में गांव हैबतपुर निवासी कांस्य पदक विजेता सवान मंढान का लाडवा के एक निजी पैलेस में जोरदार स्वागत किया गया। स्वागत कार्यक्रम में पूर्व सांसद गुरदयाल सिह सैनी व भाजपा नेता गुरदयाल सिंह कड़ामी पहुंचे और उन्होंने उसका स्वागत करते हुए बधाई दी। कांस्य पदक विजेता सवान मंढान ने बताया कि तुर्की से कराटे महासंघ द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में भारत की ओर से करीब 28 खिलाड़ियों ने विभिन्न भाग वर्गों में भाग लिया। उसने अपने भार वर्ग में कांस्य पदक जीता है। उन्होंने अपनी इस जीत का श्रेय अपने माता-पिता, कोच व अकादमी को दिया। इस अवसर पर पूर्व सांसद गुरदयाल सैनी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में भी खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र में छुपी खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए गांवों में भी सरकार से खेल स्टेडियम व अकादमी खोलने की मांग की। इस अवसर पर पदक विजेता के माता-पिता सहित गांव के सरपंच व अनेक गांववासी उपस्थित थे।