पीने के गंदे पानी की सप्लाई को लेकर पटेल नगर व शास्त्रीनगर वासियों में रोष
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र। शहर के वीआईपी क्षेत्र कहे जाने वाली पटेल नगर व शास्त्री नगर में पिछले तीन दिनों से गंदे पानी की सप्लाई आने को लेकर वार्डवासियों में भारी रोष व्याप्त है। उल्लेखनीय है कि नगर परिषद अध्यक्षा के अपने वार्ड में स्थित पटेल नगर व शास्त्री नगर में पिछले तीन दिन से पीने के पानी की जगह टूंटियों में गंदे पानी की सप्लाई हो रही है, लेकिन प्रशासन कुम्भकर्णी नींद सोया हुआ है। इस बात को लेकर वार्डवासियों ने कई बार अधिकारियों को सूचना दी है, लेकिन अभी तक किसी अधिकारी ने आकर कोई सुध नहीं ली। वार्डवासी नरेंद्र सतीजा, बृजलाल, मनोज परुथी, अशोक सिडाना, संजीव गोयल, रमेश गुसाई ने कहा कि गंदे पानी की सप्लाई से बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है। वार्डवासियों को दूसरे स्थानों पर पीने का पानी लेने हेतु जाना पड़ रहा है। उनका कहना है कि अगर नगर परिषद अध्यक्षा के स्वयं के वार्ड का यह हाल है तो बाकी शहर का क्या हाल होगा। उन्होंने कहा कि अगर प्रशासन उनकी समस्या का समाधान नहीं करेगा तो उन्हें मजबूरन होकर सड़कों पर उतरना पड़ेगा तथा वार्डवासी विधायक के निवास पर जाकर धरना देंगे।