नव वर्ष पर सुख समृद्धि के लिए पुलिस लाइन में किया हवन
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र।
नव वर्ष के स्वागत में पुलिस लाइन में पुलिस विभाग की ओर से हवन आयोजित किया। इसमें पुलिस अधीक्षक अभिषेक गर्ग सहित अन्य पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने आहुति दी। जिले भर में सुख समृद्धि के लिए कामना की। एसपी अभिषेक गर्ग ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से सौहार्दपूण वातावरण बनता है। उन्होंने पुलिस कर्मियों को नववर्ष बधाई देते हुए ईमानदारी और कर्तव्य निष्ठा से कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने आमजन से अपील की कि नववर्ष में सभी संकल्प लें कि वे यातायात नियमों का पालन करेंगे। यातायात नियमों का पालन करने से दुर्घटनाएं टल सकती हैं। दोपहिया वाहन चालक हेलमेट का प्रयोग करें। इस मौके पर डीएसपी शाहाबाद जगदीश राय, डीएसपी हेड क्वार्टर राज सिंह, डीएसपी पेहवा धीरज कुमार, जिले के सभी थाना प्रबंधक, चौकी इंचार्ज, पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभी कर्मचारी, पुलिस लाइन से कर्मचारी, होमगार्ड के जवान, रिटायर्ड पुलिस कर्मचारी शामिल रहे।